मोहाली। पुलिस ने दहेज के लिए पत्नी की हत्या करने वाले आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान निजामुदीन निवासी यूपी हाल वासी लखनौर मोहाली के रूप में हुई है। डीएसपी सिटी 2 हरसिमरन सिंह बल ने बताया कि मृतका के पिता मुने निवासी गांव नागलिया जिला रामपुर (यूपी) ने सोहाना थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी बेटी मेहनाज की शादी करीब चार साल पहले गांव नागलिया जिला रामपुर यूपी निवासी निजामुद्दीन से हुई थी।
वह मोहाली के गांव लखनौर में शमा ढाबा चलाता था। आरोपी उसकी बेटी मेहनाज पर दहेज लाने का दबाव बनाता था। शिकायतकर्ता के अनुसार निजामुद्दीन ने फोन करके उससे दस लाख रुपये की मांग की थी। रुपये नहीं देने पर उसकी बेटी को मारने की धमकी भी दी थी। उसकी हत्या के बाद शव का पोस्टमार्टम उत्तर-प्रदेश के रामपुर जिले के आजमनगर थाने में किया गया। मामला मोहाली से संबंधित होने के कारण उत्तर-प्रदेश पुलिस ने मामले को मोहाली स्थानांतरित कर दिया। इसके बाद सोहाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को आरोपी को मोहाली कोर्ट में पेश किया गया जहां पर उसे चार दिन के पुलिस रिमांड पर भेज है।