मोहाली। शहर के फेज-8 स्थित दशहरा ग्राउंड में मंगलवार को दिल्ली के सीएम केजरीवाल की रिहाई की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी के विरोध प्रदर्शन की वजह से शहर की सड़कों पर ट्रैफिक जाम लग गया। इस कारण जाम में फंसने से आम आदमी को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। हालात यह हो गए कि यहां जाम लगने के कारण फंसे वाहन रेंग-रेंग कर चलते नजर आए। हालांकि ट्रैफिक पुलिस की ओर से पुख्ता प्रबंध किए गए थे। शहर में आम आदमी पार्टी ने सीएम अरविंद केजरीवाल की रिहाई को लेकर जबरदस्त प्रदर्शन किया। इस दौरान फेज-11, फेज-10, फेज-9 और फेज-7 के साथ 3बी2 और 3बी1 का ट्रैफिक काफी बाधित हो गया। करीब चार घंटे तक चले इस प्रदर्शन के दौैरान दशहरा ग्राउंड पर इतनी ज्यादा भीड़ थी और सड़कों पर कारें खड़ी कर दी गईं थीं। जिसकी वजह से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। यहां पर पूरे जिले की पुलिस मौजूद रही। लेकिन ट्रैफिक को जाम से खुलवाने के लिए कोई भी नहीं दिखा।