अकाली दल के वर्करों ने शुक्रवार को सेक्स सीडी कांड में फंसे दिल्ली के पूर्व मंत्री व आप नेता संदीप कुमार के खिलाफ सड़कों पर उतर गए। वहीं, आप सांसद भगवंत मान के खिलाफ भी अकाली वर्करों ने नारे लगाए।
फेज-7 स्थित लाइट प्वाइंट पर पार्टी वर्करों ने दोनों नेताओं के पुतले जलाए। साथ ही आम आदमी पार्टी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। यह रोष प्रदर्शन अकाली दल जिला शहरी के प्रधान परमजीत सिंह काहलो की अगुवाई में आयोजित किया गया था। वहीं, धरने में पंजाब महिला आयोग की चेयरपर्सन परमजीत कौर लांडरां विशेष तौर पर शामिल हुईं।
इस दौरान वह आम आदमी पार्टी की लीडरशिप पर जमकर बरसीं। उन्होंने कहा कि जिस तरह से आप पार्टी के नेताओं का चरित्र सामने आया है। वह किसी भी स्थिति में सहन करने योग्य नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि ऐसे नेताओं को मुंह न लगाए।
हालांकि इस दौरान जहां अकाली दल के सीनियर हरसुखइंद्र सिंह बब्बी बादल व हाल में अकाली दल में शामिल हुए कुलवंत गुट के कई पार्षद धरने में शामिल हुए। जबकि अकाली-भाजपा के 23 पार्षदों में से गिने चुने ही पार्षद धरने में पहुंचे। इससे शहर में एक नई चर्चा छिड़ गई है।