जीरकपुर। वीआईपी रोड के खेत के पास 12 फरवरी को एक 18 वर्षीय युवक पर सात युवकों ने डंडों और नुकीली चीजों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल की पहचान यश राणा निवासी रायपुर खुर्द चंडीगढ़ के रूप में हुई है। वह सेक्टर-8 स्थित डीएवी स्कूल में 12वीं का छात्र है। पीड़ित के बयान के अनुसार उसे उसके दोस्त कन्नव अरोड़ा ने वीआईपी रोड पर मिलने के लिए बुलाया था। खाना खाने के बाद वे पास के खेतों में फोटो खिंचवाने गए, जहां पहले से मौजूद कुछ युवकों ने उन्हें घेर लिया। यश राणा ने आरोप लगाया कि हमलावरों में दिवांश चौधरी भी शामिल था। उसने उसके सिर पर डंडा मारा। इसके बाद अन्य युवकों ने उसकी पिटाई की और पेट पर नुकीली चीज से वार किया। हमले में उसका मोबाइल फोन भी टूट गया। पीड़ित ने कन्नव अरोड़ा पर भी हमले में साजिशन शामिल होने का आरोप लगाया है। घायल को तुरंत सिविल अस्पताल ढकोली में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने दिवांश चौधरी, कन्नव अरोड़ा और सात अज्ञात युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर धाराएं बढ़ाई भी जा सकती हैं।