मोहाली। बलौंगी पुलिस ने एक युवक को .32 बोर पिस्टल और 76 कारतूस सहित गिरफ्तार किया है। आरोपी को पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर उसके किराए के घर से पकड़ा है। आरोपी की पहचान साहिल पन्नू निवासी अर्बन स्टेट जींद हरियाणा के रूप में हुई है। आरोपी को जिला अदालत में डयूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया गया, जहां अदालत ने आरोपी को तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। आरोपी से आगे की पूछताछ की जा रही है। एएसआई जतिंदर सिंह के बयानों पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। जांच अधिकारी एएसआई ने बताया कि वह पुलिस पार्टी के साथ एयरपोर्ट रोड पर टीडीआई सिटी के पास गश्त कर रहा था। इस दौरान उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक साहिल पन्नू जो कि आपराधिक गतिविधियों में शामिल है, वह गिलको वैली में किराए के घर पर रह रहा है। सूचना देने वाले ने बताया कि आरोपी के पास अवैध हथियार भी हैं। वह किसी वारदात को अंजाम दे सकता है। पुलिस ने सूचना के आधार पर घर पर छापा मारा। पुलिस आरोपी से उसके गैंगस्टर कनेक्शन की भी जांच करने में जुटी है।