मोहाली। पिता की मौत के बाद अवसाद में चल रहे एक युवक ने 16वीं मंजिल से छलांग लगा कर आत्महत्या कर ली। मृतक फेज-11 निवासी कमलजीत मांगट है। जानकारी के अनुसार कमलजीत रविवार शाम करीब चार बजे अपने घर से यह बोल कर निकला कि वो पूरब प्रीमियम अपार्टमेंट में अपने दोस्त रजत से मिलने जा रहा है।
कमलजीत पूरब प्रीमियम अपार्टमेंट में गया लेकिन वहां रजत से नहीं मिला और 16वीं मंजिल पर जाकर उसने नीचे छलांग लगा दी। जैसे ही उसने छलांग लगाई तो जमीन पर गिरते ही उसकी मौत हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम को मामले की सूचना दी। इसके बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मॉर्चरी में रखवाया।
आईओ ने बताया कि मृतक कमलजीत के परिवार वालों से पता चला है कि उसके पिता अमर सिंह की कुछ समय पहले ही मौत हुई थी। पिता की मौत के बाद से ही सह काफी ज्यादा परेशान रहने लगा था। इस वजह से वह अवसाद में चल रहा था। परिवार वालों ने उसे संभालने का बहुत प्रयास किया लेकिन वह पूरी-पूरी रात अपने पिता को याद कर रोता रहता था। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई कर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।