मोहाली। फेज-4 में पार्किंग को लेकर हुए विवाद के बाद एक 21 वर्षीय युवक ने भाखड़ा नहर में छलांग लगाकर खुदकुशी कर ली। मृतक की पहचान पवन के रूप में हुई है, जो मोहाली में पुलिस भर्ती की ट्रेनिंग ले रहा था और फेज-4 स्थित कोठी नंबर-636 की पीजी में रह रहा था। गोताखोरों ने नहर से शव बरामद कर लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मॉर्चरी में रखवाया गया है।
मृतक के पिता प्रेम कुमार निवासी गांव निहाल खेड़ा अबोहर ने आरोप लगाया कि उनके बेटे ने राजनीतिक पार्टी के एक उम्मीदवार और पुलिस की प्रताड़ना से तंग आकर यह कदम उठाया। उन्होंने बताया कि घटना से पहले पवन ने अपने दोस्त को वीडियो और ऑडियो रिकॉर्डिंग भी भेजी थी। जानकारी के अनुसार, मोहाली के एक वार्ड में घर के बाहर गाड़ी पार्क करने को लेकर विवाद शुरू हुआ था। आरोप है कि वार्ड से चुनाव लड़ रहे एक राजनीतिक उम्मीदवार और उसके बेटे ने पवन से गाड़ी हटाने को कहा। इसी बात को लेकर कहासुनी बढ़ गई। आरोप है कि इसके बाद पवन और उसके दोस्त माधव शाह के साथ मारपीट की गई और पुलिस बुलाकर दोनों को थाने ले जाया गया।
पिता प्रेम कुमार का कहना है कि वह दवाई लेने के लिए अबोहर से गंगानगर गए हुए थे, उसी दौरान उनके बेटे का फोन आया। बेटे ने बताया कि उसे एमसी उम्मीदवार व उसके बेटे ने मौके पर बहुत बुरी तरह पीटा और थाने में भी काफी जलील किया। भद्र शब्दावली से जलील किया गया। पिता के अनुसार, पवन ने फोन पर कहा था, पापा, पहले मुझे मौके पर पीटा गया, फिर थाने में ले जाकर बहुत बेइज्जत किया गया। अब मैं मरने जा रहा हूं। मृतक के दोस्त माधव शाह ने भी आरोप लगाया कि वह बेसबॉल का नेशनल खिलाड़ी है। दोनों दोस्तों को पहले पीटा गया, फिर थाने में प्रताड़ित किया गया।उसने दावा किया कि उन पर नशा बेचने और नशा करने जैसे आरोप भी लगाए गए। घटना के बाद इलाके में तनाव है। परिजन आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
डीएसपी सिटी-1 गुरचरन सिंह ने बताया कि पुलिस को अभी तक कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर बनती कार्रवाई की जाएगी।