खरड़। गुलमोहर एवेन्यू देसूमाजरा खरड़ में सोमवार रात को फ्लैट की चौथी मंजिल से गिर कर एक युवक की मौत हो गई। वह फ्लैट के बाहर बनी गैलरी का खराब बल्ब बदल रहा था। इस दौरान बल्ब फट गया जिससे अचानक संतुलन बिगड़ने से वह जमीन पर गिर पड़ा। गिरते समय उसने बचने के लिए साथ खड़ी महिला का हाथ पकड़ने की कोशिश की लेकिन वह भी उसके साथ ही गिर गई।
खरड़ पुलिस ने 174 के तहत कार्रवाई करते हुए युवक का पोस्टमार्टम करवा कर शव उसके परिजनों को सौंप दिया। केस की जांच कर रहे थाना सदर के एएसआई केवल कृष्ण ने बताया कि विन्की सगी (46) पत्नी अमन सगी निवासी 575, सेक्टर 16-डी, चंडीगढ़ का खरड़ के गुलमोहर एवेन्यू में 104/4 फ्लैट है। सोमवार रात को दोनों वहां मौजूद थे। इस दौरान उनका रिश्तेदार सार्ष शर्मा निवासी डी-6, मैक्स सिटी पटियाला भी वहां आया हुआ था। फ्लैट के बाहर बनी गैलरी का खराब बल्ब बदलने के लिए वह गैलरी की बाउंड्री पर खड़ा हुआ तो अचानक बल्ब फटने से असंतुलित होकर वह नीचे गिर गया। नीचे गिरते समय उसने बचने के लिए अमन की पत्नी का हाथ पकड़ा लेकिन वह सार्ष का वजन नही संभाल सकी और दोनों ही चौथी मंजिल से नीचे आ गिरे। सार्ष के सिर पर गहरी चोट आई जबकि विन्की की कोहनी व अन्य हड्डियां टूट गईं। घटना के समय विन्की का पति सामान लेने बाजार गया हुआ था। जब वह लौटा तो उसने देखा कि उसके फ्लैट के नीचे लोगों की भीड़ खड़ी है। पास जाकर पता चला कि उसकी पत्नी व उसका रिश्तेदार घायल हालत में जमीन पर पड़े हैं। लोगों की सहायता से वह दोनों घायलों को पास के निजी अस्पताल ले गया लेकिन हालत गंभीर होने के कारण वहां के डॉक्टरों ने दोनों को मोहाली के फेज-6 के सरकारी अस्पताल में ले जाने को कहा। वहां इमरजेंसी में तैनात डॉक्टरों ने प्राथमिक चिकित्सा के बाद गंभीर हालत में सार्ष को पीजीआई रेफर कर दिया वहां उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं विन्की के परिवार के लोग उसे मोहाली के निजी अस्पताल में ले गए जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है।