डेराबस्सी। हैबतपुर रोड के गुलमोहर सिटी एक्सटेंशन से एक युवक ने छठी मंजिल से कूदकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। मृतक की पहचान आयुष (उम्र लगभग 26 वर्ष) के रूप में हुई है। यह घटना शाम करीब 8:30 बजे के आसपास हुई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक आयुष छठी मंजिल पर गया और वहां से नीचे छलांग लगा दी। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई।
स्थानीय लोगों की मदद से युवक को तुरंत डेराबस्सी के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल शव को अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया गया है। बताया जा रहा है कि मृतक अपनी बहन और जीजा के साथ रहता था। घटना के कारणों का अभी तक कोई स्पष्ट खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।