छीना झपटी की जानकारी देती महिला। संवाद
जीरकपुर। मोतिया सिटी में बस का इंतजार कर रहीं हरियाणा सिविल सेक्रेटेरिएट की सेवानिवृत्त सुपरिटेंडेंट मधु शर्मा के हाथ से दो तोले सोने का कड़ा काटने का मामला सामने आया है। बुधवार सुबह करीब सवा आठ बजे स्विफ्ट कार में ड्राइवर के साथ आईं दो महिलाओं ने झप्पी डालकर वारदात को अंजाम दिया। कड़ा काटकर भागते समय ड्राइवर ने 62 वर्षीय बुजुर्ग मधु शर्मा के पैर पर गाड़ी भी चढ़ा दी। स्विफ्ट कार पर आधी नंबर प्लेट लगी थी। इस कारण कार का आधा नंबर ही नोट हो पाया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
72 वर्षीय सतीश मोहन शर्मा ने बताया कि वे सोलन हिमाचल प्रदेश आए हैं। उनकी पत्नी मधु शर्मा को उनके पास सोलन आना था। वह सुबह सवा 8 बजे मोतिया सिटी के बाहर सड़क पर लोकल बस का इंतजार कर रहीं थीं। उनको चंडीगढ़ सेक्टर-43 बस स्टैंड जाना था। इसी दौरान एक स्विफ्ट कार उनके पास आकर रुकी। उसमें दो महिलाएं और एक ड्राइवर मौजूद था। उनके लहजे से वे गरीब परिवार के लग रहे थे। महिला ने कार से उतरते ही मधु शर्मा से कहा कि आप मुझे जानते हो। मधु शर्मा ने कहा कि नहीं, आपको नहीं जानती हूं। उसके बाद महिला बोली चलो कोई बात नहीं, झप्पी तो डालो और उसने जबरन मधु शर्मा को गले लगा लिया। उसी दौरान उसने मधु शर्मा के हाथ में पहना दो तोले सोने का कड़ा काट लिया और भागकर गाड़ी में बैठ गई।
जब उसे पकड़ने के लिए मधु आगे बढ़ी तो ड्राइवर ने कार का टायर उसके पैर पर चढ़ा दिया। स्विफ्ट कार पर आधी नंबर प्लेट लगी थी, इस कारण कार का आधा नंबर ही नोट हो पाया। पुलिस को मामले की शिकायत दी गई है। एसएचओ गगनदीप सिंह का कहना है कि शिकायत मिली है, सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। गाड़ी को ट्रेस कर रहे हैं।