मोहाली। वैलेंटाइन-डे पर जहां शहर के शोर-शराबे और महंगे गिफ्ट्स की चर्चा है, वहीं सेक्टर-68 के मनमोहन अरोड़ा (51) और डिंपल (50) ने इस दिन को मनाने का एक बेहद अनूठा और सादगी भरा तरीका खोजा है। यह कपल यह दिन खर्च करने की जगह सहेजने के दिन के रूप में मनाता है। इस कपल की सबसे खास बात यह है कि वैलेंटाइन-डे के दिन यह दोनों कुछ घंटों के लिए डिजिटल डिटॉक्स पर चले जाते हैं। मनमोहन जी बताते हैं, कि आजकल लोग साथ बैठकर भी मोबाइल में लगे रहते हैं। हमने तय किया है कि हम इस दिन फोन स्विच ऑफ रखेंगे और उन पुरानी जगहों पर जाएंगे। ऐसी जगह जहां हम मोहाली में शुरुआती दिनों में घूमा करते थे। हमारे लिए एक-दूसरे को बिना किसी व्यवधान के सुनना ही सबसे बड़ा गिफ्ट है।
पौधा रोपकर मनाते हैं प्यार का जश्न
डिंपल ने बताया कि वे पिछले कुछ वर्षों से एक नई परंपरा निभा रहे हैं। वे हर वैलेंटाइन पर एक फलदार या छायादार पौधा लगाती हैं। उनका मानना है कि जैसे-जैसे यह पौधा बढ़ता है, वैसे ही उनका रिश्ता और गहरा होता जाता है। इस बार भी उन्होंने मोहाली के एक स्थानीय पार्क में पौधा लगाने का संकल्प लिया है। उनका कहना है कि 50 की उम्र पार करने के बाद समझ आता है कि प्यार केवल फिल्म देखने या डिनर करने में नहीं, बल्कि एक-दूसरे की सेहत और सुकून का ख्याल रखने में है।