जीरकपुर में स्थित एटीसी मार्ट से केवल देसी घी चुराने वाले एक अनोखे चोर गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। आरोपी अपने साथी के साथ मार्ट से केवल देसी घी चोरी करता था। वह घी चुराने के लिए पगड़ी और जैकेट ही पहनकर आता था, ताकि उसको घी छिपाने में आसानी रहे।
अन्य सामान को छोड़कर केवल देसी घी के कम होने पर दुकानदार ने दुकान में नजर रखनी शुरू कर दी। सफलता नहीं मिलने पर उसने कर्मचारियों को इस बारे में बताया और दुकान पर आने वालों पर नजर रखने को कहा। इसके बाद वीरवार को चोर पकड़ में आ गया। दुकान मालिक करण चंद ने दो आरोपियों सत्यम अपार्टमेंट स्वास्तिक विहार निवासी रोबिन मेहता और आशु निवासी जीरकपुर के खिलाफ मामला दर्ज करवाया है।
काफी समय से दुकान सेे कम हो रहा घी
शिकायतकर्ता करण चंद ने बताया कि वह एटीसी मार्ट नाभा भबात रोड जीरकपुर का मालिक है। उसकी किरयाने की दुकान है। उसमें कैमरे भी लगे हैं। स्टोर पर लगभग 600 से 700 लोग रोजाना सामान खरीदने आते हैं। दुकान से देसी घी काफी समय से कम हो रहा था। उन्हें पता चला कि कोई देसी घी चोरी करता है। घी चोरी होने पर उन्होंने स्टोर में काम करने वाले सभी कर्मचारियों को सतर्क कर दिया था। उनके स्टोर में लगभग 15 कर्मचारी काम करते हैं।
ऐसे हत्थे चढ़ा चोर
अन्य दिनों की तरह वीरवार सुबह करीब 8 बजे एक लड़का पगड़ी और जैकेट पहने उनके स्टोर पर आया। स्टोर से देसी घी के दो पैकेट अपनी जैकेट में डाल लिया। जब वह इसे लेकर जा रहा था तो कर्मचारी रमनदीप सिंह ने उसे देख लिया। उसे पकड़ कर पूछताछ की तो उसने अपना नाम रोबिन मेहता बताया।
वह अपने दूसरे साथी आशु के साथ एक्टिवा पर आया था। आशु पहले स्टोर में आया और देसी घी के चार डिब्बे चोरी करके ले गया था। बाद में उसने रोबिन को अंदर भेजा जो चोरी करते पकड़ा गया। दोनों काफी समय से उनके स्टोर से देसी घी चुरा रहे थे। जब आशु को पता चला कि रोबिन पकड़ा गया है, तो वह एक्टिवा लेकर मौके से भाग गया। पुलिस अब इस मामले में उन लोगों को भी गिरफ्तार करेगी जो आरोपियों से देसी घी खरीदते थे।