खरड़। दर्पण सिटी काॅलोनी खरड़ में एक फ्लैट की दूसरी मंजिल की बालकनी से गिरकर ढाई साल के बच्चे की मौत हो गई। थाना सिटी खरड़ के हवलदार लखविंदर सिंह ने बताया कि पुलिस को दिए बयान में दर्पण सिटी खरड़ निवासी मदन सिंह भंडारी ने बताया कि वह मूलरूप से नेपाल का रहने वाला है। दर्पण सिटी में ही एक बिल्डर के पास नौकरी करता है। उसके दो बच्चे हैं। मंगलवार सुबह उसकी पत्नी काम पर गई हुई थी और वह बाजार में गया हुआ था। उसका छोटा बच्चा ढाई साल का नीतिश घर में दूसरे बेटे के साथ ही था। उसने बताया कि बाजार जाते समय फ्लैट की पिछली बालकनी को कुंडा लगाना भूल गया था और जब वह बाजार से सामान लेकर आया तो देखा कि उसका छोटा बेटा वहां नही है। इसी बीच फ्लैट के पीछे रह रहे लोगों ने देखा कि बालकनी की ग्रिल से निकल कर नीचे गिर कर एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत सरकारी अस्पताल खरड़ ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बच्चे का शव परिजनों को सौंप दिया।