जीरकपुर। कालका–बलटाना हाईवे पर रविवार सुबह तेज रफ्तार एक्टिवा की टक्कर से पैदल जा रहे 29 वर्षीय देवेंद्र मेहता की मौत हो गई। सुनील निवासी सैनी विहार फेज-1 बल्लटाणा अपने काम से लौट रहा था, तभी सुबह करीब 6:30 बजे उसने एक तेज रफ्तार एक्टिवा को लापरवाही से चलता देखा, जिसने सामने चल रहे एक युवक को जोरदार टक्कर मार दी। युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। बाद में पता चला कि घायल युवक सुनील का मित्र देवेंद्र मेहता था, जो आईसर मोहाली में कंप्यूटर ऑपरेटर के रूप में कार्यरत था। उसे उपचार के लिए जीएमसीएच-32 चंडीगढ़ ले जाया गया, जहां शाम को उसकी मौत हो गई। सुनील के बयान पर पुलिस ने एक्टिवा चालक हार्दिक कुमार निवासी मॉडर्न कॉम्प्लेक्स जीरकपुर के खिलाफ धारा 281 व 106 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।