लालड़ू। अंबाला-नारायणगढ़ मार्ग पर हंडेसरा के निकट गांव नंगला के पास एक तेज रफ्तार टेंपो की टक्कर लगने से मोटरसाइकिल चालक की मौत हो गई। मृतक गांव हुमायूंपुर में एक फैक्टरी में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करता था। मृतक जतिंदर सिंह उम्र 36 वर्ष मोहन नगर अंबाला का निवासी था। उसके पिता इकबाल सिंह ने बताया कि वह अपने बेटे के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर घर की ओर जा रहा था।
जैसे ही वे गांव नंगला के निकट हरिदास की समाधि के पास पहुंचे तो अंबाला की ओर से आ रहे एक टैंपो ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। उसका बेटा सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से जख्मी हो गया। वह लोगों की मदद से जितेंद्र को अंबाला कैंट के सरकारी अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतक के पिता इकबाल सिंह के बयान पर टेंपो चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।