संवाद न्यूज एजेंसी
जीरकपुर। नगर परिषद के नए हाउस की पहली बैठक मंगलवार दोपहर दो बजे आयोजित होगी, जिसको लेकर एजेंडा जारी कर दिया गया है। लंबे इंतजार के बाद होने वाली इस बैठक में शहर से जुड़े कई अहम मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। बैठक में सफाई कर्मचारियों के वेतन को अगस्त से दोगुना करने के प्रस्ताव पर भी विचार किया जाएगा। इसके अलावा शहर की सीवरेज व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए नए सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट की डीपीआर तैयार करने और आगे की प्रक्रिया पर चर्चा होगी।
नगर परिषद के नए हाउस के गठन के बाद यह पहली बैठक होगी और ऐसे में शहर के विकास कार्यों, लंबित योजनाओं और मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर पार्षदों की नजर रहेगी। बैठक में विभिन्न वार्डों में सड़क, सीवरेज, पेयजल, स्ट्रीट लाइट और सफाई व्यवस्था से संबंधित समस्याओं पर भी चर्चा होने की संभावना है। एजेंडे में सफाई कर्मचारियों के वेतन से संबंधित प्रस्ताव को अहम माना जा रहा है, जिनको अगस्त से दोगुना वेतन देने की घोषणा के बाद नगर परिषद स्तर पर इसे लागू करने के लिए प्रस्ताव पारित किया जाना जरूरी है। नए एसटीपी की डीपीआर तैयार होने से शहर की बढ़ती आबादी और सीवरेज समस्या के समाधान की दिशा में आगे बढ़ने की उम्मीद है।