मोहाली। फेज-7 इंडस्ट्रियल एरिया में उस समय हड़कंप मच गया, जब एक अज्ञात महिला की नग्न अवस्था में लाश बरामद हुई। फिलहाल महिला की पहचान नहीं हो पाई है। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
बिजली दफ्तर के पीछे जंगलनुमा इलाके में एक राहगीर शौच के लिए गया था। इसी दौरान उसकी नजर एक महिला की सड़ी-गली लाश पर पड़ी। यह देखकर वह घबरा गया और तुरंत आसपास के लोगों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके को घेर लिया। साथ ही फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से साक्ष्य जुटाए। पुलिस के मुताबिक, महिला की उम्र करीब 30 से 32 वर्ष के बीच लग रही है और शव करीब तीन से चार दिन पुराना प्रतीत होता है। शव काफी गल चुका है। शिनाख्त के लिए 72 घंटे तक शव को सिविल अस्पताल की मॉर्चरी में रखवाया गया है।
महिला के प्रवासी होने की आशंका, जांच जारी
प्राथमिक जांच में महिला के प्रवासी होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, अभी तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि मामला हत्या का है या फिर किसी अन्य कारण से महिला की मौत हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि किसी थाने में महिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज है या नहीं। फिलहाल, पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा कर रही है।