नयागांव। मृतक प्रियांक के परिजनों और जनता कॉलोनी के लोगों के दबाव पर टीपी नगर मेरठ में पुलिस ने नशा मुक्ति केंद्र के संचालक और अन्य कर्मचारियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया। प्रियांक के पिता मोहन कुमार ने बताया कि उन्होंने नशा छुड़ाने के लिए जय अंबे नशा मुक्ति केंद्र और हेल्थ केयर सेंटर टीपी नगर मेरठ में भर्ती करवाने के लिए फोन किया था।
इसके बाद उक्त केंद्र से मनीष चौधरी और कपिल सहित कुछ लोग घर आए और रात करीब नौ बजे प्रियांक को उक्त नशा मुक्ति केंद्र ले गए। 21 अक्तूबर की शाम को उक्त नशा मुक्ति केंद्र से फोन आया कि बेटे की हालत बहुत खराब है। जब वे मेरठ के मां जगदंबा अस्पताल पहुंचे तो पता चला कि बेटे की मौत हो गई है।
मोहाली में शव की हालत देखने के बाद जय अंबे नशा मुक्ति केंद्र के संचालक, मनीष चौधरी, कपिल और अन्य पर मारपीट, अमानवीय व्यवहार या लापरवाही का आरोप लगाया गया। इसके बाद जनता कॉलोनी निवासियों ने जोरदार प्रदर्शन भी किया और मांग की कि दोषियों पर बनती सक्त कार्रवाई की जाए। 24 अक्तूबर को आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।