मोहाली। शहर के पीटीएल लाइट पॉइंट पर मंगलवार को उस समय हडक़ंप मच गया, जब एक चलती कार में अचानक आग लग गई। गनीमत रही कि चालक ने समय रहते सूझबूझ दिखाते हुए अपनी जान बचा ली और कोई जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार चालक को अचानक इंजन से धुआं निकलता दिखाई दिया। स्थिति भांपते हुए उसने तुरंत गाड़ी को सड़क किनारे रोका और बाहर निकल गया। कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी कार को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते वाहन धू-धू कर जलने लगा। घटना के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। प्रारंभिक तौर पर आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और दमकल विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।