नयागांव। गांव नाडा में वन विभाग के बंद रकवे से पहाड़ को काटकर मिट्टी बेचने का मामला सामने आया है। वन विभाग के रेंज ऑफिसर को सूचना मिली कि नाडा इलाके में पहाड़ को जेसीबी से काटा गया है। मौके पर वन विभाग की टीम पहुंची तो पता न चला कि मरी हुई गाय को दबाने की आड़ में पहाड़ काटा गया है।
मौके पर वन विभाग को एक वीडियो भी मिली है। इसमें एक व्यक्ति पहाड़ काटते साफ दिखाई दे रहा है। एसएचओ नयागांव सतनाम सिंह ने बताया कि वन विभाग के बंद रकवे से पहाड़ को काटकर मिट्टी बेचने को लेकर वन विभाग के अधिकारियों ने नयागांव थाने में अपनी शिकायत दी थी। इसके बाद पुलिस ने ठाठराम, जरनैल सिंह, करण और लाली के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीन की तलाश जारी है।