मोहाली। सेक्टर-70 में बिजली ग्रिड के नजदीक लाइट प्वांइट पर तेज रफ्तार होंडा सिटी कार ने एक ऑटो चालक की जान ले ली। जबकि तेज रफ्तार कार की चपेट में आए एक्टिवा सवार दंपती की हालत अस्पताल में नाजुक बनी हुई है। कार में तीन युवक सवार थे, जो हादसे के बाद मौके से फरार हो गए। शनिवार सुबह हुए इस हादसे के बाद पुलिस पर राजनीतिक दबाव भी बनाया गया और इस मामले को दबाने का स्थानीय पुलिस ने भरपूर प्रयास किया।
शनिवार सुबह सेक्टर-70 के लाइट प्वांइट पर यह हादसा उस समय हुआ जब ट्रैफिक लाइट पर वाहन ग्रीन लाइट के इंतजार में खड़े थे। यहां पर फेज-5 की ओर से आई एक तेज रफ्तार होंडा सिटी कार ने पहले ऑटो को टक्कर मारी और इसके बाद कार एक्टिवा से जा टकराई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इस हादसे के तुरंत बाद कार में सवार तीनों युवक कार मौके पर छोड़ कर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि कार चालक युवक नाबालिग था। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए ऑटो चालक को फेज-6 स्थित सिविल अस्पताल में लाया गया। यहां से डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जीएमसीएच, सेक्टर-32 चंडीगढ़ में रैफर कर दिया। यहां पहुंचने पर ऑटो चालक की मौत हो गई। ऑटो चालक की पहचान मूल रूप से राजस्थान के रहने वाले अर्जुन यादव के रूप में हुई है। यहां ऑटो चलाकर वह अपने परिवार का पालन पोषण कर रहा था।
वहीं, इसी हादसे में एक्टिव को टक्कर लगने से इस पर सवार घायल दंपती का चंडीगढ़ के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। घायल एक्टिवा सवार अभिमन्यु ने बताया कि उनकी पत्नी अदिति बलौंगी में एक स्कूल में कार्यरत है और वह पत्नी को छोड़ने के लिए जा रहे थे। वह सेक्टर-71 की तरफ से आ रहे थे। जब वह सेक्टर-70 के लाइट प्वाइंट पर पहुंचे तो तेज रफ्तार होंडा सिटी कार ने ऑटो को टक्कर मारने के बाद उन्हें टक्कर मार दी। कार की रफ्तार इतनी ज्यादा थी कि चालक से कार बेकाबू हो गई और दोनों वाहनों को टक्कर मारते हुए एक पेड़ से जा टकराई। उनकी पत्नी की हालत गंभीर बनी हुई है।
सूत्रों के मुताबिक कार चला रहे किशोर की उम्र 18 साल है। उसके पास लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस है। इस कारण हादसे के बाद कार पर आगे और पीछे लाल टेप से ‘एल’ लिख दिया गया है। जबकि हादसे से पहले यह नहीं लिखा था। प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि कार चालक नाबालिग था। जो अपने दो साथियों के साथ मौके से फरार हो गया है। राजनीतिक दबाव के कारण पुलिस इस हादसे को रफादफा करने का प्रयास कर रही थी।
आरोपी पर मटौर थाने में केस दर्ज
इस हादसे के बाद पुलिस पर राजनीतिक दबाव बनाना शुरू हो गया। इस हादसे को रफादफा करवाने के लिए अकाली दल के एक प्रभावशाली नेता जो कि पूर्व संसदीय सचिव रह चुके हैं और एक विधान सभा सीट से विधायक हैं, सक्रिय हो गए। अकाली नेता के दबाव में पुलिस ने मामले को रफादफा करने की कोशिश की। लेकिन मामला गर्माने के बाद एसएसपी सतिंदर सिंह खुद सक्रिय हुए और आरोपी कार चालक फेज-1 निवासी पृथ्वी ठाकुर और उसके दो अन्य साथियों के खिलाफ थाना मटौर में मुकदमा दर्ज किया गया। बताया जा रहा है कि आरोपी पृथ्वी ठाकुर के पिता संदीप ठाकुर जानेमाने कारोबारी हैं और अकाली नेताओं के करीबी हैं।
तेज रफ्तार मर्सिडीज ने ली थी तीन लोगों की जान
मोहाली में 20 दिन पहले भी शनिवार के ही दिन ऐसा ही हादसा राधा स्वामी चौक पर हुआ था। इस दिन सुबह एक तेज रफ्तार मर्सिडीज कार ने चौक पर तीन लोगों की जान ले ली थी। इस कार को भी अपने दो साथियोें के साथ बैठा एक नाबालिग चला रहा था। जो हादसे के बाद मौके से फरार हो गए थे। इस हादसे में भी राजनीतिक दबाव के कारण कार्रवाई नहीं हो रही थी। बाद में खुद मुख्यमंत्री के दखल के बाद कार्रवाई हुई थी। इस हादसे में जान गंवाने वाले तीन लोगों में से दो धर्मप्रीत और अंकुश नरूला यूएस बेस्ड कंपनी में काम करते थे। जबकि एक अन्य व्यक्ति राम प्रसाद की भी इस हादसे में मौत हुई थी। हादसे को अंजाम देने वाली मर्जिडीज कार में बीयर की बोतलें मिलीं थीं और स्थानीय पुलिस ने इस हादसे को भी दबाने का प्रयास किया था।
कार पर बाद में लिखा गया ‘एल’
शनिवार को हुए हादसे में राजनीतिक दबाव का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि पुलिस अभी तक कार मालिक की जानकारी नहीं दे रही है। कार पर लर्निंग का साइन ‘एल’ लिखा हुआ नहीं था। जबकि पुलिस के पहुंचने के बाद कार के फ्रंट शीशे पर लाल रंग की टेप से ‘एल’ लिख दिया गया। इस हादसे में एक ऑटो चालक की मौत हो गई है। जबकि पुलिस देर शाम तक ऑटो चालक अर्जुन यादव के बारे में कोई जानकारी तक नहीं होने की बात कह रही है। शाम तक मटौर पुलिस इसे सामान्य हादसा बताते हुए कहती रही कि उनके पास हादसे की शिकायत लेकर कोई नहीं आया।
कोट्स
सेक्टर-70 में हुए सड़क हादसे में तीन लोगों के खिलाफ थाना मटौर में केस दर्ज किया गया है। पुलिस बिना किसी दबाव के जांच कर रही है। आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हादसे का शिकार होने वाले लोगों को इंसाफ मिलेगा। - सतिंदर सिंह, एसएसपी मोहाली