जीरकपुर। पीरमुछल्ला के मिडटाउन बिजनेस पार्क की एक बहुमंजिला व्यावसायिक इमारत में शुक्रवार सुबह अचानक आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। आग तीसरी मंजिल पर बनी एक रसोई से शुरू हुई और देखते ही देखते लपटें बाहर निकलकर ऊपर की मंजिलों तक पहुंच गई। घटना की सूचना मिलते ही जीरकपुर, डेराबस्सी और पंचकूला की फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। कुल पांच फायर टेंडरों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
राहत की बात यह रही कि हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग के कारण इमारत के बाहरी हिस्से में लगी फाइबर शीट और दीवारों को काफी नुकसान पहुंचा है। फायर अधिकारी राजीव कुमार के नेतृत्व में टीमों ने तेजी से कार्रवाई कर आग को सीमित क्षेत्र में ही रोक दिया। फिलहाल आग लगने के कारणों की विस्तृत जांच जारी है। स्थानीय लोगों के अनुसार यदि समय रहते दमकल विभाग मौके पर नहीं पहुंचता तो नुकसान और भी बड़ा हो सकता था।