मोहाली। सोशल मीडिया के बढ़ते इस्तेमाल के साथ साइबर ठगी के मामले भी लगातार सामने आ रहे हैं। इसी कड़ी में कपूरथला जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक दुकानदार को सोशल मीडिया पर पहले दोस्ती के जाल में फंसाया। बाद में न्यूड वीडियो के जरिए ब्लैकमेल कर उससे हजारों रुपये ऐंठ लिए गए। पीड़ित की शिकायत पर स्टेट साइबर क्राइम पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता दमनदीप सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कुछ दिन पहले उसकी फेसबुक पर एक लड़की से बातचीत शुरू हुई। लड़की ने अपना नाम सोनम जोशी बताया। धीरे-धीरे बातचीत बढ़ी और कुछ समय बाद उसने दमनदीप से उसका व्हाट्सएप नंबर ले लिया। इसके बाद दोनों के बीच व्हाट्सएप पर बातचीत होने लगी। दमनदीप के अनुसार एक रात अचानक उस लड़की की ओर से वीडियो कॉल आई। कॉल उठाते ही लड़की ने अपने कपड़े उतारने शुरू कर दिए और दमनदीप से भी ऐसा करने को कहा। जब उसने ऐसा करने से इनकार किया तो लड़की ने दबाव बनाया, लेकिन दमनदीप ने कॉल काट दी।
कुछ समय बाद लड़की ने उसे एक वीडियो भेजी। वीडियो देखकर दमनदीप के होश उड़ गए, क्योंकि वह उसकी और लड़की की वीडियो कॉल की न्यूड रिकॉर्डिंग थी। इसके बाद लड़की ने वीडियो वायरल करने और उसकी फोन कॉन्टैक्ट लिस्ट में मौजूद सभी लोगों को भेजने की धमकी देकर उससे 95 हजार रुपये की मांग की। डर के चलते दमनदीप ने आरोपी की ओर से भेजे गए स्कैनर पर 35 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। इसके बावजूद आरोपी लगातार और पैसे की मांग कर ब्लैकमेल करने लगी।
परेशान होकर दमनदीप ने स्टेट साइबर क्राइम पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और सोशल मीडिया अकाउंट्स व ट्रांजेक्शन डिटेल्स के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुट गई है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर अंजान लोगों से बातचीत करते समय सावधानी बरतें और किसी भी तरह की वीडियो कॉल या निजी जानकारी साझा करने से बचें।