फैक्टरी से छुट्टी के बाद घर लौट रही युवती को केटीएम बाइक ने मारी टक्कर, मौत
स्वराज फैक्टरी के पास बाइक की टक्कर से सिर के बल गिरी, गांव कैलों में रहती थी किराए पर
संवाद न्यूज एजेंसी
मोहाली। चप्पड़चिड़ी में स्वराज फैक्टरी के पास एक तेज रफ्तार केटीएम बाइक की टक्कर से 23 वर्षीय युवती की मौत हो गई। मृतका की पहचान प्रियंका निवासी गांव मानकी, जिला अंबाला, हरियाणा के रूप में हुई है। बलौंगी थाना पुलिस ने मृतका के भाई की शिकायत पर अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस को शिकायत में पंकज ने बताया कि उसकी छोटी बहन प्रियंका स्वराज फैक्टरी में काम करती थी और नजदीक ही लांडरां रोड पर किराए पर कमरे में रहती थी। सोमवार की रात करीब साढ़े 10 बजे वह फैक्टरी से काम करके घर जा रही थी। जैसे ही सड़क पार करने लगी तो एक तेज रफ्तार केटीएम बाइक सवार ने उसको जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने के बाद प्रियंका सिर के बल सड़क पर गिर गई और सिर से खून बहने लगा। उसके सहकर्मियों ने उसे एक निजी अस्पताल में पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद अज्ञात बाइक सवार के खिलाफ दर्ज करवाया गया।
बाइक सवार को लोगों ने पकड़ा, अस्पताल से भागा
इस मामले के पुलिस जांच अधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि यह हादसा सोमवार की रात हुआ, लेकिन उन्हें सूचना अगले दिन सुबह मिली। जब हादसा हुआ तो आरोपी बाइक सवार भी गिर गया था, उसे भी काफी चोटें आई थीं। लोगों ने उसे भी इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती करवाया था। लेकिन जब सुबह पुलिस अस्पताल पहुंची तो आरोपी वहां से फरार हो चुका था। आरोपी की पहचान नहीं हो पाई है। बाइक के नंबर से इतना पता लग पाया है कि वह जिला बिलासपुर, हिमाचल प्रदेश का रहने वाला है और भागकर वहीं गया है। जल्द उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।