पंचकूला। शिशु गृह में पल रही एक बच्ची अब बालीवुड घराने की शान बन गई है। जानी मानी एक फिल्म अभिनेत्री की बेटी ने शिशु गृह से पांच माह की बच्ची को गोद लिया है। यह परिवार लगभग चार साल से बच्चे को गोद लेने का प्रयास कर रहा था। जब फिल्म अभिनेत्री की बेटी के घर की शान शिशु गृह की बच्ची बन गई है। जाने-माने समाजसेवी पवन बंसल मोतिया ग्रुप के मालिक ने मंगलवार को एक समारोह में शिशु गृह सेक्टर-15 की इस बच्ची को गोद दिया। हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की मानद महासचिव रंजीता मेहता ने पवन बंसल का स्वागत किया और परिषद की गतिविधियों के बारे में उनको अवगत कराया। इस दौरान पवन बंसल ने शिशु गृह का निरीक्षण किया। रंजीता मेहता ने कहा कि अपने बच्चों का लालन-पालन तो सभी लोग करते हैं, लेकिन ऐसे बच्चों का लालन पालन करना बड़ी बात है, जिनका पोषण स्वयं के माता-पिता भी नहीं करना चाहते। किसी कारणवश वह अपने बच्चों को छोड़ जाते हैं। ऐसे बच्चों को संभालना, उनका खाना पीना, रहना, स्कूल की व्यवस्था करना बहुत पुन्य का कार्य है। पवन बंसल ने कहा कि आज के दौर में यह काम सोसाइटी में बहुत कम हो रहा है। इन बच्चों को महीने दो महीने से लेकर 6 साल की आयु तक पालन पोषण रंजीता मेहता और उनकी टीम द्वारा किया जा रहा है, जिसके लिए वह बधाई की पात्र हैं।