हादसा होने के बाद जीरकपुर-अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे पर लगा जाम। -संवाद
- फोटो : MOHALI
जीरकपुर। अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे पर वीरवार दोपहर बाद करीब 3 बजे सीटीयू की बस के नीचे आकर एक्टिवा सवार एक युवती की मौत हो गई। युवती का नाम सिमरन था और वह रायपुर कलां की रहने वाली थी। हादसे के बाद हाईवे पर जाम लग गया। हादसे में एक्टिवा चला रहा युवक कमलेश बाल बाल बच गया।
रायपुर कलां निवासी कमलेश ने बताया कि सिमरन उसके पड़ोस में रहती थी। करीब ढाई बजे उसके पास सिमरन का फोन आया कि वह जीरकपुर में मेट्रो मॉल के पास खड़ी है। उसे लेने आ जाए। कमलेश करीब 3 बजे उसे लेने पहुंचा। एक्टिवा पर सिमरन को पीछे बैठाकर कमलेश रायपुर कलां के लिए चल दिया। शर्मा फार्म के नजदीक से जैसे ही फ्लाईओवर पर जाने के लिए स्कूटी मोड़ी तो अंबाला से चंडीगढ़ जा रही सीटीयू की बस ने स्कूटी को टक्कर मार दी, इससे एक्टिवा का संतुलन बिगड़ गया और कमलेश बायीं ओर जबकि पीछे बैठी सिमरन दायीं ओर सड़क पर गिर गई। गिरते ही सिमरन का सिर बस से कुचल गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वहां लंबा जाम लग गया। लोगों ने पुलिस को सूचना दी तो शव को मॉर्चरी भिजवाकर जाम खुलवाया गया। पुलिस ने बस को कब्जे में ले लिया है।
हादसे से घबराया कमलेश बोला-कभी नहीं चलाऊंगा स्कूटी
हादसे के बाद से कमलेश बेहद घबराया हुआ है। उसने बताया कि अगर वह भी दायीं ओर गिरता तो इस दुनिया में नहीं होता। वह उस पल को कोस रहा है, जब वह सिमरन को लेने जीरकपुर पहुंचा। कमलेश ने बताया कि वह अब कभी एक्टिवा नहीं चलाएगा। वह घर पर ही ऑनलाइन काम करता है। पता नहीं क्यों सिमरन को लेने आ गया। उसने मना भी किया लेकिन सिमरन मानी ही नहीं। वहीं, इस मामले के जांच अधिकारी मनदीप सिंह ने बताया कि बस को कब्जे में लेकर बस चालक के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।