मोहाली। मोहाली पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में भगोड़ा चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी नरिंदर जीत सिंह उर्फ निंदी निवासी गांव दौन खुर्द जिला पटियाला का निवासी है। आरोपी के खिलाफ वर्ष 2022 में थाना हंडेसरा में एनडीपीएस एक्ट की धारा 18/61/85 के तहत मामला दर्ज किया गया था। आरोपी जमानत पर बाहर आने के बाद कोर्ट में पेश नहीं हुआ। इसके बाद अदालत ने उसे भगोड़ा करार दे दिया था।
एसएसपी हरमनदीप सिंह हंस के निर्देशानुसार भगोड़ा अपराधियों (पीओ) की गिरफ्तारी और अपराधियों को न्याय के कटघरे में लाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए पीओ स्टाफ का गठन किया गया है। इन्हीं प्रयासों के तहत सौरव जिंदल पुलिस अधीक्षक (जांच) जिला मोहाली और नवीन पाल सिंह लहल पुलिस उपाधीक्षक (विशेष अपराध) के नेतृत्व में एक गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस स्टाफ प्रभारी एसआई बलविंदर सिंह ने आरोपी नरिंदरजीत सिंह उर्फ निंदी को पटियाला से गिरफ्तार किया। आरोपी से हंडेसरा पुलिस ने 200 ग्राम अफीम बरामद की थी।