मोहाली। गुरुद्वारा श्री अंब साहिब फेज-8 में धन धन श्री गुरु हरि राय साहिब के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में शुरू हुए जोड़ मेले के पहले दिन बड़ी संख्या में संगत ने मत्था टेककर आशीर्वाद प्राप्त किया। समागम के पहले दिन सुबह से ही वातावरण गुरबाणी की मधुर ध्वनि से भक्तिमय बना रहा। इस अवसर पर पंथ प्रसिद्ध रागी, ढाडी और कथा वाचक जत्थों ने गुरु महिमा का गुणगान किया। हजूरी रागी जत्थों और विभिन्न स्थानों से पहुंचे कीर्तनकारों ने संगत को नाम सिमरन और गुरबाणी से जोड़ा। कथा वाचकों ने गुरु हरि राय साहिब जी के जीवन, उनकी करुणा, सेवा भावना और प्रकृति प्रेम से जुड़ी शिक्षाओं पर प्रकाश डाला।समागम के दौरान शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य चरणजीत सिंह कालेवाल ने संगत का स्वागत किया। गुरुपर्व के पावन अवसर पर संगत के लिए कई प्रकार के पकवानों के लंगर भी लगाए गए। इस मौके पर शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की सदस्य परमजीत कौर लाडरां, प्रबंधक समिति के सदस्य, गुरुद्वारा प्रबंधन और अन्य गण्यमान्य श्रद्धालु उपस्थित रहे।