मोहाली। गांव तड़ोली में पंजाब पुलिस के हवलदार पर छह युवकों ने जानलेवा हमला किया है। हमला उस वक्त हुआ जब हवलदार राम सिंह अपने घर के पास खड़ी कार से जरूरी सामान लेने गया था। चाकू मारकर घायल करने के बाद पंच मारकर उसके दांत तोड़ दिए। इसके अलावा लोहे की राॅड से बुरी तरह पिटा गया। घायल हवलदार राम सिंह (उम्र 49 साल), निवासी गांव तड़ोली, थाना बलौंगी, जिला एसएएस नगर ने सिविल अस्पताल खरड़ से थाने में पहुंचकर बयान दर्ज करवाए।
हवलदार ने बताया कि मंगलवार रात करीब 9:30 बजे वे अपने घर के पास मवेशियों के बाड़े में खड़ी कार से कोई जरूरी सामान लेने गए थे। उसी दौरान गांव का साहिल राणा अपने साथियों अमन, अमरजीत, चंद्रहास, आलम चंद और कमल के साथ एक ग्रे रंग की कार में आए। सभी लोगों ने उसको घेर लिया। इन सभी ने पहले गाली-गलौच की और फिर मारपीट शुरू कर दी। अमन ने बांए कंधे के नीचे चाकू मारा। खून बहने के कारण वह जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद साहिल राणा ने लोहे के पंच से मुंह पर मारा। उसके दांत टूट गए। अन्य हमलावरों ने कार से लोहे की रॉड निकालकर उनकी पीठ पर वार किए।
शोर सुनकर राम सिंह का बड़ा भाई राकेश कुमार मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव कर उन्हें छुड़ाया। इसके बाद सभी हमलावर कार में बैठकर भाग गए और जाते-जाते जान से मारने की धमकी भी दे गए। गंभीर हालत में भतीजे विशाल राणा ने उन्हें सिविल अस्पताल खरड़ पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है। हवलदार राम सिंह ने साहिल राणा, अमन, अमरजीत के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने बयान के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।