मोहाली। शहर में सुसाइड के चार मामले सामने आए हैं। एक मामले में युवक-युवती ने फंदा लगाकर खुदकुशी की है। दोनों लिव इन रिलेशनशिप में रह रहे थे, जिन्हें एक युवक तंग करता था। वहीं, आत्महत्या का दूसरा मामला मटौर और तीसरा रायपुर गांव में हुआ है। सभी मामलों में शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। सुसाइड करने वाले चारों व्यक्ति 30 साल की उम्र के बताए जा रहे हैं।
पहले मामले में फेज-1 में किराये के कमरे में एक युवक-युवती ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। मृतक युवक की पहचान 30 वर्षीय अनस निवासी सहारनपुर (यूपी) और 23 वर्षीय निधि निवासी बलौंगी के रूप में हुई है। निधि मूलरूप से बिहार की रहने वाली है और अनस के साथ लिव इन रिलेशनशिप में थी। हालांकि अनस ने फेज-1 में कोठी की दूसरी मंजिल पर कमरा किराये पर लिया हुआ था। वह करीब डेढ़ साल से यहां रह रहा था। बताया जा रहा है कि निधि उसकी महिला मित्र थी और कभी-कभार उससे मिलने आती थी। दोनों ने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। अनस एसी (एयर कंडिशनर) का काम करता था। उसके साथी कर्मचारी उसे फोन कर रहे थे, जब उसने फोन नहीं उठाया तो वह उसके कमरे में उससे मिलने आए, लेकिन अंदर से कमरा बंद मिला। जब दरवाजा खटखटाने पर भी अनस ने दरवाजा नहीं खोला तो उन्होंने मकान मालिक को सूचना दी। मकान मालिक ने पहुंचकर कमरा तोड़ा तो अंदर देखा अनस और उसकी दोस्त युवती ने फंदा लगाया हुआ था। इसके बाद मोहाली पुलिस को सूचना दी गई। एसएचओ फेज-1 जगदीप सिंह मौके पर पहुंचे और लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए शव सिविल अस्पताल की मॉर्चरी में रखवा दिए। बुधवार को दोनों शवों का पोस्टमार्टम किया जाएगा।
पुलिस को मिला दोनों का सुसाइड नोट
एसएचओ जगदीप सिंह ने बताया कि दोनों ने सुसाइड नोट में मनीष नाम के एक युवक को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया है। मृतक निधि ने अपने सुसाइड नोट में लिखा है कि मनीष उसे तंग परेशान करता है। इस कारण वह उससे तंग आकर खुदकुशी कर रही है। वहीं, अनस ने भी सुसाइड नोट में मनीष का नाम लिखा है। उसमें कहा है कि मनीष उसे धमकियां देता है और काफी परेशान करता है। इस कारण वह खुदकुशी कर रहा है। एसएचओ जगदीप ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। मनीष के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
तीसरा सुसाइड का मामला गांव मटौर में सामने आया है। मृतक ने पंखे से फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। मृतक की पहचान 30 वर्षीय देसराज के रूप में हुई है। देसराज दिहाड़ी पर काम करता था। बताया जा रहा है कि उसके बड़े भाई की मौत हो गई थी। बड़े भाई की पत्नी से उसकी शादी हुई थी। वह काफी शराब पीता था और सोमवार को उसने खुदकुशी कर ली थी। एसएचओ मटौर अमनदीप त्रिखा ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिवार को सौंप दिया है। इस मामले में 174 की कार्रवाई की गई है।
चौथा मामला गांव रायपुर का है। यहां पर 30 वर्षीय आफताब नामक युवक ने फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया है। बताया जा रहा है कि आफताब विवाहित था और वह सोमवार को बुड़ैल जेल में अपने रिश्तेदार से मिलने गया था और रात को घर आने के बाद उसने फंदा लगाकर खुदकुशी कर ली। सुबह जब परिवार उठा तो उन्होंने आफताब का शव पंखे से लटकते देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। बताया जा रहा है कि आफताब मानसिक तनाव से परेशान चल रहा था। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
इन सवालों पर टिकी पुलिस की जांच
- युवक-युवती को तंग करने वाला कौन है मनीष? कहां रहता है... दोनों युवक-युवती ने सुसाइड नोट में मनीष नाम के नाम का जिक्र किया है।
-युवती को क्यों परेशान करता था मनीष, कैसी परेशानी सह रही थी निधि, जिससे माैत को गले लगाना पड़ा
-युवक अनस को भी क्यों धमका रहा था मनीष, दोनों का मनीष के साथ क्या कनेक्शन था, गुत्थी अभी उलझी है।
-कितने साल से युवक-युवती को परेशान कर रहा था मनीष, परिवार या पुलिस की क्यों नहीं ली गई मदद, क्या थी मजबूरी।
-युवक-युवती के मोबाइल फोन पुलिस के कब्जे में, काैन है मनीष, मैसेज और काॅल्स से खुलेगा राज।