खरड़। खरड़ सिटी पुलिस ने संतोष निवासी खरड़ की शिकायत पर उसके 22 वर्षीय बेटे को बंधक बनाने के शक में दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। संतोष ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 17 जनवरी को उसके बेटे सचिन उर्फ बॉबी को बडाला नवा शहर निवासी एक व्यक्ति घर से अपने साथ लेकर गया था। सचिन जब रात को घर वापस नहीं आया तो उन्होंने रात करीब 11.20 बजे सचिन को फोन किया तो उसने बताया कि वह चंडीगढ़ में है और सुबह तक घर आ जाएगा। अगले दिन जब सुबह सचिन घर नहीं लौटा तो उन्होंने उसे फोन किया, लेकिन उसका फोन बंद मिला। जब वह सचिन की तलाश में बडाला नवा शहर गए तो उन्हें बताया गया कि सचिन वहां से फोन करता हुआ कहीं चला गया है। इसके बाद सचिन का कोई पता नहीं चल सका है। इस पर संतोष ने अपने बेटे के गुमशुदा होने की शिकायत 24 जनवरी को थाना सिटी खरड़ में दर्ज करवाई थी। संतोष ने बताया कि अभी तक भी उसके बेटे का कुछ पता नहीं चल सका है। संतोष ने शक जताया है कि उसके बेटे को किसी ने बंधक बनाकर रखा हुआ है। संवाद