खरड़। घडुआं पुलिस ने गांव भागोमाजरा के निवासी मेजर सिंह की शिकायत पर उसके घर में जबरदस्ती हथियारों समेत घुसकर धमकियां देने के आरोप में 8 लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस थाना घडुआं के एसएचओ कैलाश बहादुर ने बताया कि मेजर सिंह पुत्र गुरदेव सिंह निवासी गांव भागोमाजरा ने पुलिस को दी शिकायत में कहा है कि वह 4 भाई हैं और उनका सबसे छोटा भाई दूध बेचने का काम करता है। मेजर सिंह ने आगे लिखा है कि 12 फरवरी को वह अपने घर में परिवार समेत मौजूद था कि शाम लगभग 6.30 बजे आठ लोगों के साथ हथियारों से लैस होकर जबरदस्ती उनके घर में घुसकर धमकियां देने लगे। हमलावरों ने कहा कि उसकी जमीन को हमने खरीद लिया है। इसलिए या तो जमीन हमसे खरीद लो या फिर जमीन का कब्जा छोड़ दे। हमलावरों ने धमकियां देते हुए कहा कि यदि जमीन नहीं छोड़ी तो पूरे परिवार को जान से मार दिया जाएगा। मेजर सिंह जब हमलावरों से बात करने लगा तो हमलावर हाथों में पकड़े हथियारों को दिखाते हुए कहने लगे कि यह ऐसे नही मानेगें, हमें ही कुछ करना पड़ेगा।
इस बारे में जब मेजर सिंह से बात की तो उसने बताया कि हमलावर जिस जमीन की रजिस्ट्री करवाने के बारे में कह रहे हैं, वह जमीन उन्होंने कई साल पहले खरीदी थी और वह इस जमीन पर खेतीबाड़ी करते हैं। मेजर सिंह ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने तहसील में मिलीभगत करके इस जमीन की रजिस्ट्री करवाई है, क्योंकि तीन दिनों में ही इस जमीन का इंतकाल भी अपने नाम करवा लिया है। मेजर सिंह ने कहा कि उसके परिवार द्वारा इस रजिस्ट्री के बाद इंतकाल रोकने के लिए तहसीलदार को प्रार्थना पत्र दिया हुआ है परंतु फिर भी माल विभाग द्वारा बिना कोई जांच किए इंतकाल दर्ज कर लिया गया। मेजर सिंह ने बताया कि उसके घर में जबरदस्ती हथियारों समेत घुसने वाले आरोपी सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं। उन्होंने पुलिस को सीसीटीवी कैमरे की फुटेज दे दी हैं।
मेजर सिंह ने पुलिस प्रशासन ने अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा यकीनी बनाने की मांग है क्योंकि उन्हें डर है कि यह लोग उसके परिवार को नुकसान पहुंचा सकते है। पुलिस ने मेजर सिंह के बयानों पर हरविंदर सिंह निवासी गांव संतेमाजरा कालोनी, जस्सी निवासी खरड़, लाली निवासी गांव पीर सोहाना, रमन निवासी गांव सकरूलांपुर समेत कुछ अज्ञात व्यक्तियों समेत कुल 8 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।
फोटो कैप्शन- सीसीटीवी कैमरे में कैद मेजर सिंह के घर में जबरदस्ती हथियारों समेत घुसने वाले आरोपी।