जीरकपुर। बटाला के रामामंडी निवासी एक युवक ने शादी का झांसा देकर 25 वर्षीय युवती से दुष्कर्म किया है। युवक ने न सिर्फ पीड़िता के साथ दुष्कर्म किया है, बल्कि मारपीट कर उसको जान से मारने की धमकियां भी दी हैं। इस वारदात में आरोपी के कुछ साथियों की भूमिका भी सामने आई है, हालांकि उनकी पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। बटाला के रामामंडी क्षेत्र के रहने वाले जगदेव सिंह ने पीड़िता से पहले दोस्ती की। इसके बाद उसने शादी का भरोसा देकर युवती का विश्वास जीत लिया। आरोप है कि जगदेव सिंह ने इसी भरोसे का फायदा उठाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में आरोपी युवती को बहला-फुसलाकर जीरकपुर ले गया, जहां अपने साथियों के सहयोग से उसने फिर से उसके साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता का आरोप है कि कुछ समय बाद जब उसने आरोपी पर शादी का दबाव बनाया तो जगदेव सिंह ने शादी करने से साफ इंकार कर दिया। इस दौरान आरोपी ने उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकियां भी दीं। मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित होने के बाद पीड़िता ने इस पूरे घटनाक्रम की शिकायत मोगा जिले के पुलिस स्टेशन अजीतवाल में दर्ज करवाई। मामला जीरकपुर थाना क्षेत्र से जुड़ा हुआ था, इसलिए अजीतवाल पुलिस ने नियमों के तहत जीरो एफआईआर दर्ज कर केस को आगे की कार्रवाई के लिए जीरकपुर थाना भेज दिया। पुलिस ने आरोपी जगदेव सिंह और उसके अज्ञात साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी के साथियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है और जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की संभावना जताई जा रही है।