जीरकपुर। बलटाना के रविंद्रा एन्क्लेव फेज-2 में दिवाली की रात एक घर में घुसकर परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट करने के मामले में पुलिस ने छह हमलावरों पर मामला दर्ज किया है। हमलावरों में राहुल, राजू, राज, सुभम, गट्टू व गिल सरदार शामिल थे। इस हमले में परिवार के तीन सदस्य घायल हो गए थे।
रविंद्रा निवासी पीयूष शुक्ला की पत्नी सरिता शुक्ला ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि दिवाली की रात उसका 6 साल का बेटा और देवर घर के बाहर गली में पटाखे फोड़ रहे थे। इस दौरान मोटरसाइकिल पर सवार कुछ युवक लापरवाही और तेज आवाज के साथ बार-बार गली में आ रहे थे। इससे उसका बेटा डर गया। इस दौरान जब मोटरसाइकिल सवार युवक वापस लौटे तो उसके देवर ने उसे मोटरसाइकिल धीरे चलाने के लिए कहा। इसके बाद मोटरसाइकिल पर सवार युवक चले गए, लेकिन कुछ देर बाद वे अपने अन्य साथियों के साथ वापस आ गए, जिनके हाथों में लोहे की रॉड, डंडे व तेजधार हथियार थे। आते ही उन्होंने मेरे देवर आकाश के सिर पर रॉड से वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया।