लालड़ू। अंबाला-चंडीगढ़ हाईवे पर स्थित लालड़ू अस्थाई बस स्टैंड के निकट एक कार की चपेट में आने से मां-बेटी की मौत हो गई। महिला अपनी बेटी और परिवार के साथ गांव जाने के लिए बस का इंतजार कर रही थी। महिला अंजुम 26 वर्ष और उसकी छह वर्षीय बेटी आलिया यूपी हरदोई की शहादत नगर की निवासी थीं। वर्तमान में लालड़ू के निकट कोली माजरा में किराए के मकान में रहते थे। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिए हैं।
पुलिस ने बताया कि मृतका के पति मोसिन मोहम्मद ने शिकायत दर्ज करवाई है। उनके अनुसार अपने परिवार समेत गांव जाने के लिए लालड़ू बस स्टैंड पर खड़े होकर बस का इंतजार कर रहे थे। इसी समय चंडीगढ़ की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने उसकी पत्नी और बेटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक मौके से भाग गया। राहगीरों की मदद से हादसे में जख्मी दोनों को सरकारी अस्पताल डेराबस्सी ले जाया गया। वहां डॉक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।