मोहाली। थाना सिटी खरड़ क्षेत्र के एक बिल्डर को अंतरराष्ट्रीय नंबर से फोन कर चार करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। रकम न देने पर जान से मारने की धमकियां दी गईं हैं। हाल में मारे गए कबड्डी प्रमोटर राणा बलाचौरिया का नाम लेकर दहशत फैलाने की कोशिश की गई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शिकायतकर्ता के अनुसार 17 दिसंबर 2025 से उसके मोबाइल पर एक विदेशी नंबर से लगातार व्हाट्सएप कॉल और मैसेज आ रहे थे। कॉल करने वाले ने खुद को कौशल चौधरी गैंग का सदस्य बताकर चार करोड़ रुपये की मांग की। आरोपी ने धमकी दी कि राणा का काम तो कर दिया, अब तू अपना जुगाड़ कर ले। रुपये नहीं दिए तो तेरे साथ भी वही होगा। कारोबारी ने पुलिस को बताया कि राणा उसका परिचित था, उसके नाम का हवाला देकर परिवार को डराया जा रहा है। पीड़ित ने यह भी बताया कि 19 दिसंबर की देर रात कुछ संदिग्ध लोग उसके घर के बाहर घूमते नजर आए। उन्होंने रेकी की आंशका जताई है। बिल्डर ने कॉल रिकॉर्डिंग और मैसेज पुलिस को सौंप दिए हैं। परिवार में इस घटना के बाद भय का माहौल है। पुलिस ने अज्ञात मोबाइल नंबर से फोन करने वाले के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। तकनीकी टीम अंतरराष्ट्रीय नंबर की लोकेशन, इंटरनेट कॉलिंग डिटेल और व्हाट्सएप अकाउंट की जानकारी जुटाने में लगी है। अधिकारियों का कहना है कि साइबर ट्रेल के जरिए जल्द आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।
गौरतलब है कि कुछ महीनों में राज्य में सिंगरों और कारोबारियों को विदेश से कॉल कर रंगदारी मांगने के कई मामले सामने आ चुके हैं। हाल ही में पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री से जुड़े कुछ कलाकार हिमांशु खुराना, मनकीरत औलख को भी गैंग के नाम पर धमकी भरे कॉल आए थे। इसके अलावा चंडीगढ़ के महादेव ज्वेलर के मालिक से भी चार करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी जा चुकी है। पुलिस का मानना है कि ज्यादातर मामलों में विदेश में बैठे गैंग सदस्य इंटरनेट कॉलिंग एप के जरिए धमकी देकर दहशत फैलाने की कोशिश करते हैं। मोहाली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी तरह की धमकी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें और खुद कोई समझौता न करें।
धमकी मिलने के बाद मामला दर्ज कर लिया गया है, जांच जारी है। आरोपियों को काबू करने के लिए साइबर पुलिस की भी मदद ली जा रही है।
कर्ण संधू, डीएसपी खरड़