मोहाली। धार्मिक आयोजनों का महत्व केवल पूजा-पाठ तक सीमित नहीं होता, बल्कि ऐसे आयोजन लोगों को आपस में जोड़ने और समाज में सेवा व सहयोग की भावना मजबूत करने का भी माध्यम बनते हैं। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए वीरवार को फेज़-3बी2 स्थित श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर के सामने मां बगलामुखी सेवा दल की ओर से कड़ी-चावल का भंडारा लगाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया और सेवा कार्य में अपनी भागीदारी निभाई। सेवा दल के सदस्यों ने श्रद्धाभाव से प्रसाद वितरित किया। मंदिर के आसपास से गुजरने वाले राहगीरों और स्थानीय निवासियों ने भी रुककर प्रसाद ग्रहण किया। लोगों ने इस तरह के आयोजनों की सराहना करते हुए कहा कि भंडारे जैसे आयोजन समाज में आपसी भाईचारे, सद्भाव और एक-दूसरे के प्रति सहयोग की भावना को बढ़ावा देते हैं।