मोहाली। मानवता और सेवा की भावना की एक अद्भुत मिसाल पेश कर 12 साल के दमनप्रीत सिंह ने गुल्लक तोड़कर पांच हजार रुपये बाढ़ पीड़ितों की सहायता के लिए दिए। दमनप्रीत सिंह ऋषि अपार्टमेंट सेक्टर-70 मोहाली के निवासी हैं। दमनप्रीत सिंह ने यह राशि सोमवार को मोहाली की डिप्टी कमिश्नर कोमल मित्तल को सौंपी।
उन्होंने कहा कि बाढ़ पीड़ितों के दुख-दर्द को देखकर मन में यह भावना जगी कि उनकी छोटी सी मदद भी किसी पीड़ित परिवार के लिए सहारा बन सकती है। जिला प्रशासन ने दमनप्रीत सिंह के इस कदम की खुलकर सराहना की और कहा कि इतनी छोटी उम्र में इतनी बड़ी सोच रखना वास्तव में प्रेरणादायक है। यह मिसाल केवल युवाओं ही नहीं बल्कि बड़ों के लिए भी एक बड़ा संदेश है।