एक मार्च से निजी हाथों में चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन की बागडोर : टीपी सिंह
रेलवे प्रशासन के पास सुरक्षा व्यवस्था, टिकट बिक्री, ट्रेनों के संचालन की जिम्मेदारी होगी
स्टेशन के अपग्रेडेशन को लेकर आयोजित मीटिंग में पहुंचे नॉर्दर्न रेलवे के जीएम
स्टेशन का निरीक्षण भी किया
अमर उजाला ब्यूरो
जीरकपुर। एक मार्च से एयरपोर्ट की तर्ज पर चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन की जिम्मेदारी पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) के तहत निजी कंपनियों के हाथों में सौंप दी जाएगी। रेलवे सिर्फ सुरक्षा व्यवस्था, टिकट की बिक्री व ट्रेनों के संचालन का काम देखेगा। शेष जिम्मेदारी जैसे पार्किंग, प्लेटफॉर्म टिकट, खानपान सेवाएं, विज्ञापन, साफ-सफाई, साज-सज्जा, रिटायरिंग रूम, वेटिंग हॉल, डिस्प्ले बोर्ड, हेल्प डेस्क विश्रामगृह, इमरजेंसी चिकित्सा, शौचालय आदि का प्रबंधन निजी कंपनी को सौंप दिया जाएगा। ये जानकारी नॉर्दर्न रेलवे के जीएम टीपी सिंह ने दी। वह चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर रविवार को भारतीय रेलवे स्टेशन विकास निगम लिमिटेड (आईआरएसडीसी) और अंबाला मंडल के अधिकारियों के साथ स्टेशन के अपग्रेडेशन को लेकर आयोजित मीटिंग में पहुंचे थे। निजी कंपनियों के हाथों स्टेशन सौंपे जाने के बाद यात्रियों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी प्रोजेक्टर के माध्यम से आईआरएसडीसी के स्थानीय जीएम बलबीर सिंह ने दी। डीआरएम दिनेश शर्मा और स्टेशन मास्टर टीपी सिंह सहित अंबाला मंडल के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इसके बाद जीएम ने स्टेशन का निरीक्षण भी किया।
प्लेटफार्म पर यात्रियों को ट्रेन की प्रतीक्षा नहीं करनी पड़ेगी
नॉर्दर्न जीएम ने बताया कि चंडीगढ़ साइड से पंचकूला साइड के बीच टू एंड ब्लॉक्स बनेंगे। यह दोनों तरफ बनेंगे और दोनों आपस में एयरकंकोर्स से जुड़े रहेंगे। यह फुट ओवरब्रिज की ऊंचाई पर बनेंगे। यह 36 मीटर चौड़े और 84 मीटर लंबे होंगे। यह बड़े हॉल जैसे होंगे। यहां पैसेंजर्स के मनोरंजन के इंतजाम होंगे। इसमें रिटायरिंग रूम, पब्लिक वेटिंग एरिया और पैसेंजर्स के ठहरने की व्यवस्था होगी। पैसेंजर्स की सुविधा के लिए मल्टीनेशनल स्टॉल भी खोले जाएंगे। इसकी टेंडर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। टेंडर भी खुल चुका है। इस पर करीब 135 करोड़ रुपये खर्च आएगा। इसके निर्माण के बाद प्लेटफार्म पर यात्रियों की भीड़ नहीं दिखेगी। पैसेंजर की ट्रेन का अनाउंसमेंट होगा तो वह वहीं से एस्केलेटर्स की मदद से नीचे प्लेटफार्म पर उतरकर सीधे ट्रेन में बैठ जाएगा।
छह प्लेटफार्म सबवे से जुुड़े होंगे
चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर छह प्लेटफार्म बनाए गए हैं जो सब-वे से जुड़े रहेंगे। यात्री प्लेटफार्म पर उतरने के बाद सीधा सबवे के रास्ते स्टेशन से बाहर पार्किंग में निकल जाएंगे। उनका वेटिंग एरिया से कोई लेना-देना नहीं होगा।
एयरपोर्ट की तरह सीआईएसएफ से रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा की बात करें
नार्दन के जीएम ने मीटिंग के दौरान आईआरएसडीसी के स्थानीय जीएम से कहा कि एयरपोर्ट की तरह रेलवे स्टेशन की सुरक्षा के लिए सीआईएसएफ से बात करें। वहीं निजी सिक्योरिटी के मुद्दे नजर गार्डों की तैनाती करें।
ठेका अलाट होने के बाद निजी कंपनी को पंचकूला साइड पार्किंग एरिया हैंडओवर करें
पंचकूला साइड कार और बाइक पार्किंग के टेंडर की बात पर नॉर्दर्न रेलवे के जीएम टीपी सिंह ने अंबाला के सीनियर डीसीएम हरी मोहन से कहा कि पहले पार्किंग का ठेका देने के बाद ही पंचकूला साइड का पार्किंग एरिया निजी कंपनी को हैंडओवर करें ताकि लोगों के पार्किंग एरिया में खड़े वाहनों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।