पांच सेक्टरों के लोग गमाडा के खिलाफ उतरे संघर्ष की राह
बोले-सालों से नहीं मिल रही सुविधाएं, गमाडा नहीं ले रहा सुध
घर तक पहुंचने के लिए न उचित सड़कें और पार्कों की भी हालत खराब
पानी के ज्यादा रेटों के चलते हर माह लोगों की जेब पर पड़ रहा है आर्थिक बोझ
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली। पांच नए सेक्टरों के लोगों ने पानी के रेट की बढ़ोतरी व मूलभूत सुविधाएं न मिल पाने के विरोध में गमाडा के खिलाफ संघर्ष का बिगुल बजा दिया है। लोगों का कहना है कि सालों पहले उन्होंने लाखों रुपये खर्च कर प्लॉट खरीदे थे लेकिन अभी तक भी सेक्टर नहीं सुधरे हैं। न तो अभी तक उचित सड़कें बन पाईं और न ही कोई कम्युनिटी सेंटर व अन्य चीज हैं। ऐसे में लोगों को दूसरे सेक्टरों के सहारे रहना पड़ता है। लोगों ने चेतावनी दी है कि जल्दी सुनवाई नहीं हुई तो उनकी तरफ से संघर्ष किया जाएगा।
सेक्टर-78 रेसिडेंट वेलफेयर एंड डेवलपमेंट कमेटी के बैनर तले लोग प्रधान कृष्णा मित्तू की अगुवाई में मंगलवार को एकजुट हुए। लोगों ने बताया कि सेक्टर-76 से 80 में सड़कों का बुरा हाल है। वहां प्रीमिक्स डालने का काम पूरा किया जाए। साथ ही सड़कों के किनारे डंप किए गए सामान को तुरंत हटाया जाए। सेक्टर-85 से 88 व 76 से 80 की सड़क को चालू किया जाए। सेक्टर-78 से 79 के सेंटर वाली सड़क सुधारी जाए। साथ ही रोड गलियां बनाई जाएं। उन्होंने मांग की कि सेक्टर-78 में कम्युनिटी सेंटर बनाया जाएगा। साथ ही रहते पार्कों के काम को पूरा किया जाए।
इस मौके पर सुच्चा सिंह कलौड़ा, इंद्रजीत सिंह, मेजर सिंह, रमणीक सिंह, सतनाम सिंह, नरिंदर मान, गुरमेल सिंह ढींढसा, दर्शन सिंह, सुरिंदर सिंह कंग, हरजिदंर सिंह, दियाल चंद प्रधान, भूपिंदर मटोरिया, रघबीर सिंह भुल्लर, गुरदेव सिंह, संतोख सिंह, चरन सिंह, रमिंदर सिंह समेत कई लोग हाजिर थे।
पार्कों में बनें ट्रैक, लगाए जाएं गाइड मैप
लोगों ने बताया कि इलाके में अभी तक गाइड मैप नहीं लगा हुआ है जिससे लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ती है। ऐसे में सेक्टरों में गाइड मैप लगाए जाएं। बंद पड़ी रोड गलियों को ठीक किया जाए। सेक्टर-78 से 87 को बांटती सड़क पर बंद पड़ी सड़क पर टाइल लगाई जाएं। लोगों ने गमाडा व मंत्री से भी इस दिशा में गुहार लगाई है।