जीरकपुर। जीरकपुर-पटियाला रोड पर तैनात सड़क सुरक्षा फोर्स की सक्रियता और त्वरित कार्रवाई से वर्ष 2025 में कई गंभीर हादसों को टाला जा सका। 1 जनवरी से 31 दिसंबर 2025 तक जीरकपुर क्षेत्र में कुल 865 सड़क हादसे दर्ज किए गए, जिनमें 10 लोगों की मौत हुई। 43 घायलों को मौके पर प्राथमिक उपचार दिया गया और 115 घायलों को समय रहते अस्पताल पहुंचाया गया।
सड़क सुरक्षा फोर्स ने मामूली टक्कर या विवाद के 697 मामलों को आपसी समझौते से सुलझाया और शेष मामलों को संबंधित थानों को सौंपा। सर्दियों और बरसात के महीनों में हादसों की संख्या अधिक देखी गई। अधिकारी सुनील कुमार ने कहा कि टीम 24 घंटे सड़क पर निगरानी रखती है और दुर्घटना की सूचना पर तुरंत कार्रवाई करती है। वाहन चालकों से अपील की गई है कि ट्रैफिक नियमों का पालन करें और हेलमेट व सीट बेल्ट का उपयोग करें। स्थानीय लोग सड़क सुरक्षा फोर्स की मौजूदगी से राहत महसूस कर रहे हैं। संवाद