एक साल में 1000 स्टार्टअप्स को सभी सुविधाएं देना सरकार का लक्ष्य : सिंगला
राज्य में उद्योग के लिए बेहतर संभावना, 5 बिलियन डॉलर के निवेश प्रस्ताव मिले : विनी महाजन
संयुक्त उद्यम के अवसर तलाशने को 20 कंपनियों का प्रतिनिधिमंडल लाएंगे : ब्रिटिश डिप्टी हाई कमिश्नर
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली। पंजाब में स्टार्टअप्स को तेजी से आगे बढ़ाने के उद्देश्य से द इंडस एंटरप्रेन्योर चंडीगढ़ चैप्टर द्वारा टाईकॉन चंडीगढ़ 2019 का आयोजन शनिवार को इंडियन स्कूल ऑफ बिजनेस में किया गया। टाईकॉन उत्तर भारत का सबसे बड़ा स्टार्टअप आयोजन माना जाता है। इस साल इसका सेंट्रल थीम ‘स्टार्ट, ग्रो एंड स्केल’ रहा। इस साल टाईकॉन ने ‘बिल्डिंग ब्रांड पंजाब’ पर जोर दिया और स्टार्टअप हब के रूप में ट्राइसिटी की संभावनाओं को सामने रखा।
उद्घाटन सेशन को संबोधित करते हुए पंजाब के सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री विजय इंद्र सिंगला ने कहा कि पंजाब सरकार उद्योग के लिए अनुकूल वातावरण बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और अगले पांच वर्षों में 1,000 स्टार्टअप को हर तरह की सुविधाएं प्रदान करना सरकार का मुख्य लक्ष्य है। राज्य सरकार ने अगले दौर के आईटी एंटरप्रेन्योर्स के लिए पंजाब को फ्यूचर हब के तौर पर डेवलप करने की योजना बनाई है। उन्होंने कहा कि हाल ही में हुई पंजाब स्टार्टअप्स यात्रा के जरिये पंजाब सरकार ने युवा एंटरप्रेन्योर्स को उचित प्लेटफार्म प्रदान किया है। उन्होंने युवाओं से कहा कि पंजाब के आईटी क्षेत्र को आगे ले जाने और नए पंजाब का चेहरा बनने के लिए अपनी क्षमताओं का उपयोग करने का यह सही मौका है।
उद्योग और वाणिज्य विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव विनी महाजन ने कहा कि राज्य को उद्यमिता में नंबर एक बनाने के लिए जो कुछ भी करना जरूरी, वह सब करने के लिए सरकार तैयार है। उन्होंने कहा कि मोहाली एयरपोर्ट को लेकर जो भी समस्याएं हैं, वो जल्द ही खत्म हो जाएंगी। 1 अप्रैल से यहां से 24 घंटे फ्लाइट्स उड़ान भरेंगी। उन्होंने कहा कि हम उद्योग के लिए राज्य में काफी संभावनाएं देखते हैं। हमें 5 बिलियन डॉलर के निवेश प्रस्ताव मिले हैं जो एमओयू नहीं हैं, बल्कि ठोस निवेश प्रस्ताव हैं।
विनी महाजन ने यह भी बताया कि हम सरकारी सेवाओं के उपयोगकर्ताओं को आ रही समस्याओं की पहचान कर रहे हैं। इन परेशानियों को दूर करने और फाइनेंशियल इंसेंटिव्स प्रदान करने के लिए एक पोर्टल भी लांच कर चुके हैं।
एसटीपीआई के निदेशक रजनीश अग्रवाल ने मोहाली में एसटीपीआई सेंटर में स्टार्टअप हब स्थापित करने के लिए 10 करोड़ रुपये देने के लिए पंजाब सरकार के प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि अमृतसर में आगामी एसटीपीआई केंद्र इस साल जून तक चालू हो जाएगा।
वहीं आईएसबी के डीन राजेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि अप्रैल में संस्थान उद्यमियों का समर्थन करने के लिए एक इनक्यूबेटर लांच करेगा। उन्होंने कहा कि हम इस क्षेत्र में नौकरियां लाने के लिए एक सेक्शन 8 कंपनी के लांच में भी शामिल होंगे।
भारत में ब्रिटिश डिप्टी हाई कमिश्नर, एंड्रयू ने कहा कि हम भारत में संयुक्त उद्यम और अवसरों का पता लगाने के लिए 20 सफल कंपनियों का एक प्रतिनिधिमंडल लाएंगे। समीर जैन ने कहा कि इस क्षेत्र में स्टार्टअप इकोसिस्टम को बढ़ावा देने के लिए महत्वपूर्ण मुद्दों पर ध्यान देने की जरूरत है ताकि नए रोजगार पैदा किए जा सकें।
चर्चाओं और अलग-अलग सेशंस के अलावा, टाईकॉन चंडीगढ़ 2019 में शुरुआती चरण में काम कर रहे स्टार्टअप्स के लिए स्टार्टअप बाजार के तौर पर एक मंच प्रदान किया गया, जो कंपनियों को अपने उत्पादों और सेवाओं को मौजूद लोगों के सामने रखने मौका देता है। पंजाब और चंडीगढ़ के 32 स्टार्टअप्स ने अपने उत्पादों को ‘स्टार्ट अप बाजार’ पैवेलियन में प्रदर्शित किया। ये स्टार्टअप आईटी, फिटनेस, आर्ट्स, एडटेक, एजुकेशन, ई-कॉमर्स और स्किल डेवलपमेंट जैसे विभिन्न क्षेत्रों से थे।