रोड माजरा में छठी बार सर्व सहमति से चुनी पंचायत
बिट्टू बाजवा को दोबारा से गांव का सरपंच चुना गया
अमर उजाला ब्यूरो
कुराली। गांव रोड माजरा के लोगों ने छठी बार सर्व सहमति से पंचायत को चुना है। इस मौके पर गांववासियों ने नव चयनित पंचायत को सम्मानित भी किया। स्वच्छ भारत मुहिम में शानदार काम करने पर राष्ट्रपति और राज्य सरकार की ओर से सम्मान प्राप्त करने वाली रोड माजरा की पंचायत का चुनाव गांववासियों और युवा नेता दविन्द्र सिंह बाजवा की अध्यक्षता में हुआ। इस दौरान गांववासियों ने चुनाव को लेकर विचार विमर्श किया और पंचायत के चुनाव का अधिकार दविन्द्र सिंह बाजवा को ही दे दिया। उधर, दविन्द्र सिंह बाजवा ने गांव के लोगों के साथ विचार विमर्श के बाद बिट्टू बाजवा को दोबारा से गांव का सरपंच चुन लिया, जबकि मनजीत कौर, दलजीत कौर, कुलजीत सिंह, मलकीत सिंह और मनमोहन सिंह को पंचायत मेंबर चुना गया। पांच मेंबरी पंचायत का सर्व सहमति के साथ चुनाव करने के बाद गुरुद्वारा साहिब में अरदास की गई और नई पंचायत को सम्मानित किया गया। सरपंच बिट्टू बाजवा और पंचायत मेंबरों ने गांववासियों का आभार व्यक्त करते हुए गांव के विकास कार्याें में कोई कसर न छोड़ने का भरोसा दिया। इसी दौरान दविन्द्र सिंह बाजवा ने बताया कि उनके गांव में लगातार छठी बार सर्व सहमति के साथ पंचायत बनी है। उन्होंने कहा कि गांववासियों की एकजुटता और भाईचारे की सांझ होने के कारण ही गांव में करोड़ों रुपये खर्च करके विकास कार्य किए गए हैं। इस मौके पर मेजर सिंह, प्रीतम सिंह, दीपू माहल, गुरनाम सिंह, भजन सिंह, दिलबाग सिंह, हरबंस कौर सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।
फोटो कैपशन : गांव रोड माजरा में सर्व सहमति के साथ चयनित पंचायत के साथ गांव वासी।
( अजय ) फोटो नंबर : एमएचएल-80