- ज्वाइंट एक्शन कमेटी करेगी पुडा भवन का घेराव
- लोगों में बढ़ रहा है रोष, स्पेशल वीडियो से सोशल मीडिया पर भी संघर्ष
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली। गमाडा के अधीन आने सेक्टरों में पानी के रेटों में की गई पांच गुणा बढ़ोतरी का मामला पूरी तरह से गर्माया हुआ है। पानी के रेटों में की गई बढ़ोतरी के खिलाफ गमाडा के अधीन आते सेक्टर-66 से 80 के निवासियों की ओर से गमाडा के खिलाफ सड़कों पर उतरने का फैसला कर लिया है। सेक्टर-66 से 80 के लोगों द्वारा बनाई गई ज्वाइंट एक्शन कमेटी की ओर से सोमवार को पुडा भवन पर धरना देने और घेराव करने का एलान किया है। कमेटी ने साफ कहा है कि अगर इसके बाद भी उनकी कोई सुनवाई न हुई तो संघर्ष को ओर तेज किया जाएगा। इस दौरान होने वाले नुकसान के लिए गमाडा व प्रशासन अधिकारी जिम्मेदार होंगे।
जानकारी के मुताबिक शहर के इलाके को पचास वार्डों में बांटा गया है। इससे पहले बसे एरिया में नगर निगम की ओर से पानी के बिल लिए जाते हैं। जबकि नए सेक्टरों में पानी के रेट गमाडा द्वारा वसूले जाते हैं। ज्वाइंट एक्शन कमेटी के प्रधान बलजीत कुंभड़ा, चेयरमैन बोबी कंबोज, महासचिव मनोज अग्रवाल और सरप्रस्त करतार सिंह तसंबली ने बताया कि नगर निगम की ओर से पानी के रेट एक हजार लीटर 1.80 रुपये हैं। जबकि गमाडा के रेट दस रुपये हैं। इससे लोगों की नींद उड़ी हुई है। लोगों का कहना है कि पानी के बिलों के चक्कर में घर के बजट बिगड़ रहे है। कई बार उच्चाधिकारियों के मिलने के बाद भी कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इसके बाद अब उन्होंने गमाडा के खिलाफ आरपार की लड़ाई लड़ने का एलान किया है, जिसके तहत सोमवार को गमाडा दफतर के बाहर धरना दिया जाएगा। जिसमें शहर के पार्षद और रेजीडेंट वेलफेयर एसोसिएशनें भी भाग लेंगी।
नए सेक्टरों का मामला कई बार निगम में उठा
यह मामला नगर निगम की हाउस मीटिंगों में कई बार उठ चुका है कि नए सेक्टरों को नगर निगम गमाडा से अपने अधीन ले और साथ ही नगर निगम अपने रेट वसूले, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
स्पेशल वीडियो से सोशल मीडिया पर भी संघर्ष
सेक्टर 68 निवासी पार्षद व संघर्ष कमेटी के चेयरमैन बोबी कंबोज ने बताया कि पानी के बढ़े रेटों के खिलाफ इलाके के बच्चों ने स्पेशल वीडियो तैयार किए हैं, जिसमें आम लोगों पर पानी के बढ़े रेटों से हो रहे अत्याचार के बारे में बताया है। साथ ही इस वीडियो को सोशल मीडिया पर भी डाला गया है।