2333 करोड़ से बदलेगी खरड़ की सूरत
खरड़। नगर काउंसिल खरड़ की बैठक प्रधान अंजू चंद्र की अध्यक्षता में हुई, जिसमें वर्ष 2018-19 का बजट पास किया गया। नगर काउंसिल ने आगामी वर्ष में 2333 करोड़ रुपये खर्च करने का फैसला किया है। पत्रकारों से बातचीत में परिषद प्रधान अंजु चंद्र ने बताया कि वर्ष 2017-18 में सरकार द्वारा जनरल आमदन बजट 6040 लाख रुपये का स्वीकार किया गया था। इसके तहत 28 फरवरी 2018 तक 3726-01 लाख रुपये की आय हुई, जो कि बजट का 61 प्रतिशत बनता है। उन्होंने कहा कि स्वीकृत बजट में सेल ऑफ लैंड मद में 22 करोड़ रखा गया था, जो इस साल के बजट में नहीं रखा गया है। उन्होंने कहा कि नगर काउंसिल को जमीन बेचने से जो भी आमदनी होगी, वह नगर काउंसिल की होगी। उन्होंने बताया कि इस वर्ष में किये जाने वाले विकास कार्यों में सड़कों की मरम्मत के लिए 50 लाख, गलियों नालियों का निर्माण करने के लिए 33 लाख, नई सीवरेज और ट्यूबवेल के लिए 3-00 लाख, स्लम तथा सुधार के लिए 728 लाख, मशीनरी की खरीद के लिए 50 लाख,, कम्युनिटी सेंटर और म्यूनिसिपल बिल्डिंग के लिए 50 लाख रुपये और फायर स्टेशन के लिए 50 लाख रुपये खर्च का लक्ष्य रखा गया है।