पीएसईबी ने घोषित किया कंपार्टमेंट का रिजल्ट
- इस बार परीक्षा परिणाम 73.56 रहा था
-विद्यार्थी रविवार सुबह 11 बजे से वेबसाइट पर देख पाएंगे रिजल्ट
अमर उजाला ब्यूरो
मोहाली।
पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड ने जून माह में ली कंपार्टमेंट की परीक्षाओं का परिणाम शनिवार को घोषित कर दिया। जबकि विद्यार्थी रिजल्ट रविवार को सुबह ग्यारह बजे से बोर्ड की वेबसाइट पर देख पाएंगे। बोर्ड अधिकारियों के मुताबिक परीक्षा में 54606 विद्यार्थी अपीयर हुए थे। इनमें से 40169 विद्यार्थी परीक्षा पास कर गए हैं। नतीजा 73.56 प्रतिशत रहा। जुलाई 2016 में पास प्रतिशत 52.34 प्रतिशत थी और जुलाई 2015 में 64.42 प्रतिशत थी। वहीं, बोर्ड अधिकारियों का कहना है कि जो विद्यार्थी पास नहीं हो सके। वह फरवरी 2018 में होने वाली सालाना परीक्षा में अपीयर होंगे।
बोर्ड से मिली जानकारी के मुताबिक, अंग्रेजी का नतीजा 71.49 प्रतिशत रहा है। 30028 स्टूडेंट्स ने अंग्रेजी की परीक्षा दी। इनमें से 21 हजार 466 पास हुए। पंजाबी का नतीजा 95.83 प्रतिशत रहा। पंजाबी की परीक्षा देने वाले 192 स्टूडेंट्स में से 184 पास हुए। गणित के 2380 परीक्षार्थियों में से 1502 पास होने में सफल रहे और यह नतीजा 63.11 प्रतिशत रहा। फिजिक्स के 3573 में से 2463 परीक्षार्थी पास हुए। इनका पास प्रतिशत 68.93 रहा। कैमिस्ट्री का नतीजा 80.22 प्रतिशत रहा है। कैमिस्ट्री की परीक्षा देने वाले 2169 में से 1732 विद्यार्थी पास हुए। बायोलॉजी के 507 में से 389 परीक्षार्थी पास हुए और इस पास प्रतिशत 76.73 रहा। वहीं, 23 विषयों का नतीजा 100 प्रतिशत रहा। इनमें कुछ मैनेजमेंट, फॉरेन एक्सचेंज, इलेक्ट्रिकल्स और फैशन टेक्नोलॉजी जैसे विषय भी शामिल हैं। उन्होंने बताया कि कंपार्टमेंट का नतीजा बोर्ड की वेबसाइट पर 9 जुलाई को सुबह 11 बजे से उपलब्ध होगा। अधिकारियों ने बताया कि जिन विद्यार्थियों की फिर कंपार्टमेंट आई है उनके लिए दोबारा परीक्षा के लिए फार्म और फीस जमा करवाने के संबंध में शेड्यूल अलग से जारी किया जाएगा।