खरड़। खरड़ में बन रहा श्रीराम मंदिर अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गया है। मंदिर का लगभग 80 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। यह मंदिर महाराजा अज्ज, जो भगवान श्री राम के दादा थे, से संबंधित ऐतिहासिक स्थल पर बन रहा है।
यह जानकारी श्री राम मंदिर अज्ज सरोवर विकास समिति, खरड़ की मासिक सामान्य बैठक में दी गई, जो समिति के प्रधान शशि जैन की अध्यक्षता में श्री राम भवन, खरड़ में संपन्न हुई। बैठक में समिति के सभी कार्यकारी सदस्य और नगर की धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल हुए।
समिति के प्रेस सचिव रोहित मिश्रा ने बताया कि स्थानीय जनता के सहयोग से मंदिर का निर्माण पिछले दो वर्षों से लगातार जारी है और एक भी दिन निर्माण कार्य रुका नहीं है। वहीं प्रधान शशि जैन ने बताया कि राम नवमी (26 मार्च 2026) के शुभ अवसर पर भगवान श्री राम की प्रतिमा स्थापना और प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा।