खरड़। स्थानीय सिटी पुलिस ने गोबिंद कॉलोनी निवासी रविदंर सिंह और उनके बेटे की पत्नी को विदेश भेजने के नाम पर एक व्यक्ति ने ठगी कर 8.42 लाख रुपये ठग लिए। रविंदर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि उनके बेटे की पत्नी को पढ़ाई के आधार पर आस्ट्रेलिया भेजने का लालच देकर जसदीप सिंह ने उनसे 8 लाख 42 हजार रुपये लिए थे। इसके बाद पूरी कागजी कार्रवाई करने के लिए कहा तो उन्होंने पूरे कागजात जसदीप सिंह को सौंप दिए थे। लेकिन जब काफी दिन तक वीजा नहीं आने पर उन्होंने जसदीप सिंह से इस बारे में पूछा तो वह टालमटोल करने लगा और उन्हें और इंतजार करने के लिए कहा। इसके बाद इंतजार करने पर भी जब उनका वीजा नहीं आया तो उन्होंने जसदीप सिंह से पैसे वापस मांगे। लेकिन जसदीप सिंह ने न तो उन्हें पैसे ही वापस लौटाए और नहीं बेटे की पत्नी को आस्ट्रेलिया भेजा। रविंदर सिंह की शिकायत पर खरड़ पुलिस ने जसदीप सिंह के खिलाफ धारा 406, 420 आईपीसी और इमिग्रेशन एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। अभी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई।