मोहाली। जिले में बुधवार को कोरोना संक्रमण की चपेट में आकर 299 लोग संक्रमित हो गए हैं और 762 लोग कोरोना संक्रमण को मात देकर ठीक हुए हैं। इसकी पुष्टि करते हुए डीसी डॉ. ईशा कालिया ने बताया कि राहत की खबर है कि संक्रमण की वजह से किसी की मौत नहीं हुई। जिले में अभी तक 93811 लोग कोरोना संक्रमण की चपेट में आकर बीमार हो चुके हैं और इनमें से 89303 लोग संक्रमण को मात देकर ठीक हो गए हैं। जबकि अभी तक 1128 लोग कोरोना संक्रमण की चपेट में आकर अपनी जान गंवा चुके हैं। बुधवार को आए नए संक्रमितों में मोहाली से 114, खरड़ से 64, ढकोली से 51, डेराबस्सी से 28, घडुआं से 13, बनूड़ से 13, बूथगढ़ से 11, कुराली से 4, लालड़ू से 1 केस शामिल है। इनका इलाज डाक्टरों की देखरेख में शुरू कर दिया गया है। डीसी ने कहा कि जिन लोगों ने अभी तक टीकाकरण नहीं करवाया, वो सेहत केंद्र में जाकर निशुल्क टीकाकरण जरूर करवाएं। इसके साथ ही कोरोना के दिशानिर्देशों का पालन करते रहें। क्योंकि अभी कोरोना का खतरा पूरी तरह से टला नहीं है।