जीरकपुर। बलटाना के एरिया लाइट प्वाइंट से लेकर ढकोली के रेलवे फाटक तक करीब 75 गड्ढे बन चुके हैं, लेकिन इस ओर नगर परिषद का जरा भी ध्यान नहीं है। इसके चलते आए दिन राहगीरों और दुकानदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यहां पर कई बार राहगीर गिरकर चोटिल भी हो चुुके हैं।
बता दें कि दो साल पहले बलटाना एरिया के सड़कों की रिकार्पेटिंग हुई थी। महज दो साल में ही सड़कें बदहाल हो गईं। इसकी मुख्य वजह है, पानी और सीवरेज के कनेक्शन के लिए सड़कों को बीच से तोड़ना। स्थानीय लोग क्या कहते हैं कि कनेक्शन के लिए बीच सड़क तोड़ देते हैं और तोड़ी गई सड़कों की रिपेयर नहीं होती। नतीजा बाकी सड़कें भी धीरे-धीरे टूटने लगती हैं।
इंटरलॉकिंग टाइलें भी उखड़ीं
बलटाना निवासी करमजीत सिंह चौहान ने बताया कि अधिकतर कॉलोनियों में लगीं इंटरलॉकिंग टाइलें उखड़ चुकी हैं। टाइलें उखड़ने से पड़े गड्ढों में बारिश का पानी भर जाता है। गड्ढों में पानी भरा होने की वजह से आवाजाही के दौरान लोगों को परेशानी तो होती ही है। साथ ही कई बार हादसों का शिकार भी हो जाते हैं। पीरबाबा रोड और सैनी विहार का बुरा हाल है। वहीं, स्थानीय निवासी ललीत ने बताया कि योग विहार की गली नंबर तीन की पूरी इंटरलॉकिंग लाइन टूट चुकी है।
कोट
20 करोड़ रुपये से सड़कों की हालत सुधारी जाएगी। कुछ दिनों में सड़कों के नवीनीकरण का काम शुरू करवा दिया जाएगा।
-उदयवीर सिंह ढिल्लों, प्रधान, नगर परिषद जीरकपुर